न्यायालय से फरार मामले में दर्ज हुई प्राथमिकी
सड़क जाम करने का आरोपित आदित्य महतो सोमवार को चाईबासा व्यवहार न्यायालय में सरेंडर करने के बाद फरार हो गया था।
संस, चाईबासा : सड़क जाम करने का आरोपित आदित्य महतो सोमवार को चाईबासा व्यवहार न्यायालय में सरेंडर करने के बाद फरार हो गया था। इस संबंध में मंगलवार को सदर थाना में सरायकेला जिला के राजनगर प्रखंड के रहने वाले आदित्य महतो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। न्यायालय से फरार होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। लेकिन आदित्य महतो घर से भी फरार हो गया है। आदित्य महतो 2015 में सरायकेला मोड़ के पास सड़क जाम करने के मामले में आरोपित था। आदित्य ने सोमवार को चाईबासा व्यवहार न्यायालय में सरेंडर किया, जिसमें उसे जमानत भी मिल चुकी थी। जमानत की प्रक्रिया पूरी करने से पहले ही वह कोर्ट से बाहर निकला और फरार हो गया।