सीएम के कार्यक्रम पर बारिश का खलल, रघुवर का पश्चिमी सिंहभूम का दौरा रद Chaibasa News
मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यक्रम पर एक बार फिर बारिश ने खलल डाला है। उनका गुरुवार को पश्चिमी सिंंहभूम में होनेवाला कार्यक्रम खराब मौसम के कारण अंतिम समय में रद कर दिया गया।
चाईबासा, जेएनएन। मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यक्रम पर एक बार फिर बारिश ने खलल डाला है। उनका गुरुवार को पश्चिमी सिंंहभूम में होनेवाला कार्यक्रम खराब मौसम की वजह से अंतिम समय में रद कर दिया गया है। इससे पूर्व बारिश की वजह से रघुवर दास को जोहार जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को बंदगांव प्रखंड के मेरोमगुट्टू में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में शिरकत करनेवाले थे। यहां वह जनसमस्याओं के त्वरित निवारण के लिए अपराह्न 2:00 बजे संत मिखाईल मध्य विद्यालय मैदान में जन चौपाल कार्यक्रम में जनता के साथ संवाद करते। इसके अलावा मुख्यमंत्री चाईबासा शहर के टाटा कॉलेज प्रांगण में स्थित बिरसा मुंडा बहुउद्देशीय भवन में सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के उज्जवला दीदी के साथ बैठक करनेवाले थे। यहां उन्हें प्रमाण पत्र और नियुक्ति पत्र भी बांटना था।