पांच साल में बदल देंगे झारखंड की तस्वीर: सीएम
जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर (पूर्वी सिंहभूम)। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को बंदगांव प्रखंड के हुड़ांगदा गांव से 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गावों में वर्षों से चली आ रही बिचौलिया प्रथा को समाप्त करना सरकार का लक्ष्य है। इसी कड़ी में कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
जनता और शासन के बीच की दूरी को पाटने के लिए सरकार अब घर-घर दस्तक देगी। स्वयंसेवक लोगों के घर पहुंच प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर पहुंचाने तक का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यों को संतोषजनक बताते हुए कहा कि ढाई साल के छोटे से कार्यकाल में राज्य में विकास दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत युवा व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। पांच साल में राज्य की तकदीर और तस्वीर बदल देंगे।
कहा, विकास को और गति देने के लिए अब प्रखंड से लेकर जिला स्तर पर को-ऑर्डिनेटर की बहाली की जाएगी। को-ऑर्डिनेटर बहाली की प्रक्रिया एक माह में पूरी कर ली जाएगी। सरकार का लक्ष्य गरीबी दूर करना है। इस दिशा में तेजी से काम किए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हुड़ांगदा गांव के सौकादित नायक के घर पहुंच उनके परिवार के सदस्यों का प्रमाण पत्र बनाने की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड का होगा गठन
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में जल्द ही मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड का गठन किया जाएगा। बोर्ड के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोमेंटम झारखंड का असर राज्य में दिखने लगा है। करीब 22 सौ करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है। टेक्सटाइल के क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा रांची में कंबल बनाने की फैक्ट्री भी लगाने की योजना है। मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड में लाह, तसर और हैंडीक्राफ्ट बोर्ड को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने लोगों से कृषि के अलावा पशुपालन पर भी ध्यान केंद्रित करने को कहा। कहा कि आदिवासी महिलाओं को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। 2020 तक सभी को आवास तथा 2018 तक सभी घरों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
हर घर तक पहुंचेगा विकास: मुख्य सचिव
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि हर घर तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। झारखंड की आत्मा गांवों में बसती है। गांव तरक्की करेगा तो झारखंड तरक्की करेगा। झारखंड का विकास गांवों से जुड़ा हुआ है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य हर गांव-हर घर, हर दरवाजे तक विकास पहुंचाने का है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, शिक्षा, पानी, बिजली, स्वास्थ्य हर पहलु पर काम कर रही है।
आधारभूत संरचनाओं पर तेजी से काम हो रहे है। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। गरीबी हटाने के लिए उद्योग स्थापना से लेकर लघु कुटीर उद्योग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही झारखंड विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा दिखाई देगा।
यह भी पढ़ेंः डायन बता महिला से सामूहिक दुष्कर्म, फिर ले ली जान
यह भी पढ़ेंः न जीते जी दवा मिली, न मरने के बाद एंबुलेंस; बेटे का शव पीठ पर ले गया