रविवार को सफाई कर्मियों की छुट्टी रद , करेंगे घाटों की सफाई
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : आस्था के महापर्व छठ को लेकर चक्रधरपुर में तैयारी शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : आस्था के महापर्व छठ को लेकर चक्रधरपुर में तैयारी शुरू हो गई है। साफ-सफाई को लेकर शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष केडी साह व कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने शहर के छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में घाटों में गंदगी दिखी, जिसके बाद युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। तत्काल सफाई कर्मचारियों की रविवार की छुट्टी रद कर दी गई। अधिकारियों ने थाना नदी घाट के अलावा पुरानी बस्ती व बलिया घाट का भी निरीक्षण किया। मौके पर अध्यक्ष केडी साह ने कहा कि छठ आस्था का पर्व है। इसमें साफ-सफाई का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका खास ध्यान रखा जाएगा। घाट में सफाई के लिए दैनिक सफाई कर्मचारियों को भी लगाया जाएगा। बताया कि घाट में साफ-सफाई के अलावा प्रकाश की भी व्यवस्था नगर परिषद करेगी। पर्व को देखते हुए पूरे शहर में सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। घाट में कपड़े बदलने की व्यवस्था भी नगर परिषद की ओर की जाएगी।
इधर, थाना प्रभारी अंजनी कुमार व गिरिराज सेना के नेता कमलदेव गिरि भी अपने समर्थकों के साथ छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान गिरि ने प्रशासन से पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों की सफाई कराने की मांग की।