विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर स्टेशन पर यात्री की बिगड़ी तबीयत, आरपीएफ टीम ने ऑपरेशन सेवा के तहत यात्री को दी नई जिंदगी

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:02 PM (IST)

चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर अहमदाबाद-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरपीएफ टीम ने ऑपरेशन सेवा ...और पढ़ें

आरपीएफ टीम की नजर जनरल कोच में बैठे एक यात्री पर पड़ी, जो अचानक घबराने लगा था।

आरपीएफ टीम की नजर जनरल कोच में बैठे एक यात्री पर पड़ी, जो अचानक घबराने लगा था।

HighLights

  1. चक्रधरपुर स्टेशन पर यात्री अफसर अली खान की तबीयत बिगड़ी।

  2. आरपीएफ टीम ने 'ऑपरेशन सेवा' के तहत तुरंत मदद की।

  3. प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने से यात्री की जान बची।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) चक्रधरपुर की टीम ने ऑपरेशन सेवा के तहत एक यात्री की जान बचाई।
 
जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एएसआई एसके. प्रधान के नेतृत्व में कांस्टेबल धनंजय कुमार, सुपर्णा मंडल और रीना कुंभकार गश्त पर तैनात थे। 
 

अचानक बिगड़ी यात्री की हालत 

इसी दौरान ट्रेन संख्या 12833 अहमदाबाद-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी। जांच के दौरान आरपीएफ टीम की नजर जनरल कोच में बैठे एक यात्री पर पड़ी, जो अचानक घबराने लगा था। 
 
यात्री को अत्यधिक पसीना आ रहा था और उसके हाथ-पैर में ऐंठन होने लगी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने तुरंत यात्री को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म पर कुर्सी पर बैठाया और तुरंत रेलवे अस्पताल को फोन कर एम्बुलेंस व डॉक्टर की मांग की।
 

एक्यूप्रेशर देकर दी प्राथमिक राहत 

एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही एएसआई एस.के. प्रधान ने सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्री की हथेलियों को दबाकर एक्यूप्रेशर दिया, जिससे उसकी घबराहट धीरे-धीरे कम होने लगी। 
 
आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई से यात्री की हालत में सुधार हुआ। इसके बाद यात्री को एम्बुलेंस से रेलवे अस्पताल भेजा गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य पाते हुए यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी। 
 
पीड़ित यात्री की पहचान अफसर अली खान के रूप में हुई, जो राउरकेला से पश्चिम बंगाल के बागनान जा रहे थे। समय पर मिली इस सहायता के लिए यात्री ने आरपीएफ टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।