रेलवे बोर्ड ने दक्षिण पूर्व रेलवे को दिए 24 करोड़: चक्रधरपुर मंडल के रनिंग कर्मचारियों का बकाया ओवरटाइम मिलेगा
चक्रधरपुर रेल मंडल के रनिंग कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है, रेलवे बोर्ड ने लंबित ओवरटाइम भुगतान के लिए दक्षिण ...और पढ़ें

20 और 21 अगस्त को एनएफआईआर की रेलवे बोर्ड के साथ आयोजित पीएनएम बैठक में बकाया ओटी के मुद्दे को उठाया गया था।
HighLights
रेलवे बोर्ड ने 24 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया।
चक्रधरपुर मंडल के रनिंग कर्मचारियों का बकाया भुगतान।
2022-23 से लंबित ओवरटाइम भुगतान में तेजी।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के रनिंग कर्मचारियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। वर्ष 2022-23 से लंबित ओवरटाइम भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है।
रेलवे बोर्ड ने दक्षिण पूर्व रेलवे को लंबित ओवरटाइम भुगतान के लिए 24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड आवंटित किया है। दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 20 और 21 अगस्त को एनएफआईआर (NFIR) की रेलवे बोर्ड के साथ आयोजित पीएनएम बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था।
संगठन के सहायक महामंत्री एसआर मिश्रा ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन के समक्ष चक्रधरपुर मंडल के रनिंग स्टाफ के सालों से रुके ओटी भुगतान का मामला रखते हुए तत्काल अतिरिक्त फंड जारी करने की मांग की थी।
लंबित भुगतानों में आएगी तेजी
रेलवे बोर्ड द्वारा 24 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किए जाने के बाद अब चक्रधरपुर मंडल के रनिंग कर्मचारियों के 2022-23 के बकाया भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी।
इससे सैकड़ों कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मेहनत की कमाई का भुगतान होने का रास्ता साफ हो गया है।मेंस कांग्रेस के शशि मिश्रा ने कहा कि एनएफआईआर के राष्ट्रीय नेताओं के नेतृत्व में कर्मचारियों के सभी लंबित मामलों के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।
संगठन ने सभी रनिंग कर्मचारियों से धैर्य और एकजुटता बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त राशि स्वीकृत होने से कर्मचारियों के लंबित एरियर की समस्या जल्द सुलझने के आसार हैं।
