चक्रधरपुर रेल मंडल के 20 हजार नॉन-गजेटेड रेलकर्मियों के लिए खुशखबरी, दुर्गा पूजा से पहले खाते में आएंगे 17951 रुपये बोनस
चक्रधरपुर रेल मंडल के करीब 20 हजार नॉन-गजेटेड रेलकर्मियों को दुर्गा पूजा से पहले 78 दिनों का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस ...और पढ़ें

सभी रेलकर्मियों को दुर्गा पूजा से पहले 78 दिनों का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस प्रदान किया जाएगा।
HighLights
चक्रधरपुर रेल मंडल के 20 हजार कर्मचारियों को बोनस।
दुर्गा पूजा से पहले 78 दिनों का PLB मिलेगा।
जासं, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के टाटानगर, राउरकेला, बंडामुंडा, झारसुगुडा, डांगुवापोसी और चक्रधरपुर समेत विभिन्न स्टेशनों पर कार्यरत करीब 20 हजार नॉन-गजेटेड रेलकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के तुरंत बाद घोषणा के तहत इन सभी रेलकर्मियों को दुर्गा पूजा से पहले 78 दिनों का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) प्रदान किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 17,951 रुपये की राशि मिलेगी।
रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सातवें वेतन आयोग के नियमों और 7,000 रुपये की सीलिंग के आधार पर इस वर्ष बोनस का भुगतान किया जा रहा है।
इसके तहत रेलकर्मियों को एक दिन का 230 रुपये 14 पैसे बोनस के रूप में तय किया गया है, जिसके हिसाब से 78 दिनों की कुल राशि 17,950 रुपये 92 पैसे बनती है।
यही वजह है कि कर्मचारियों को राउंड फिगर में 17951 रुपये दिए जा रहे हैं। अकेले चक्रधरपुर रेल मंडल में कार्यरत करीब 19 से 20 हजार रेलकर्मियों के बीच बोनस के रूप में लगभग 35 करोड़ रुपये बांटे जाएंगे।
मंडल के पर्सनल विभाग ने आईपास (iPAS) सिस्टम में बोनस की राशि का पूरा डेटा पहले ही फीड कर रखा है। रेलवे मुख्यालय गार्डनरीच, कोलकाता से औपचारिक आदेश मिलते ही आरटीजीएस प्रणाली के जरिए मिनटों में यह राशि कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी।
रेलवे प्रशासन की तैयारी है कि आदेश मिलने के 48 घंटे के भीतर सभी पात्र रेलकर्मियों के खातों में बोनस की राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी जाए, जिससे वे उत्साह के साथ दुर्गा पूजा का त्योहार मना सकें।
