चक्रधरपुर हत्याकांड का खुलासा: शादी से मना करने पर सिरफिरे प्रेमी ने चाकू से रेता था अनीता का गला, पुलिस ने भेजा जेल
चक्रधरपुर में महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय की पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है।

चक्रधरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में महिला पर्यवेक्षिका की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
HighLights
प्रेमी अनिल बिंद ने शादी से इनकार पर चाकू से मारा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । चक्रधरपुर के वार्ड नंबर सात, शीतला मंदिर (ग्वाला पट्टी) स्थित एक किराये के मकान में महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय (सोनुआ) की पर्यवेक्षिका अनीता बिंद (29 वर्ष) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, अनीता की हत्या उसके ही प्रेमी अनिल कुमार बिंद ने शादी से इनकार करने पर धारदार चाकू मारकर की थी।
शादी से इनकार बना हत्या का कारण
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी अनिल कुमार बिंद ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अपने बयान में आरोपी ने बताया कि उसका पिछले दो-तीन वर्षों से अनीता के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
वह उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, अनीता ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया था और किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने की बात कही थी।
काफी समझाने और मनाने के बाद भी जब अनीता नहीं मानी, तो अनिल ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा।
भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
मृतका के भाई आदर्श कुमार बिंद की लिखित शिकायत पर चक्रधरपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
यूपी के रहने वाले हैं मृतिका और आरोपी
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतका अनीता बिंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले (थाना ओबरा, चूरी गली, शीतला मंदिर के पास, वार्ड नंबर 5) के निवासी काशी प्रसाद बिंद की पुत्री थी।
वहीं आरोपी प्रेमी अनिल कुमार बिंद (पिता हरि शंकर बिंद) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले (थाना कटरा कोतवाली, जोगी रोड) का रहने वाला है।
इस कार्रवाई में चक्रधरपुर के सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, उप-निरीक्षक बिनोद पासवान, रमेश गिरी शामिल रहा।
