विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांदीपोश-चंपाझरण रेलखंड पर हादसा टला: पहाड़ी से खिसककर ट्रैक पर गिरी विशाल चट्टान, 2 घंटे तक प्रभावित रहीं ट्रेनें

Published: Sat, 12 Sep 2026 10:18 PM (IST)

चक्रधरपुर रेल मंडल के चांदीपोश-चंपाझरण रेलखंड पर भारी बारिश के कारण पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर ट्रैक पर आ गिरा, जिससे दो घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा।

रात करीब 1 बजे पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर खिसककर सीधे रेलवे की अप लाइन पर आ गिरा।

रात करीब 1 बजे पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर खिसककर सीधे रेलवे की अप लाइन पर आ गिरा।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर । लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चक्रधरपुर रेल मंडल के चांदीपोश-चंपाझरण रेलखंड में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। 
 
रात करीब 1 बजे पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर खिसककर सीधे रेलवे की अप लाइन पर आ गिरा। लगभग 5 टन वजनी इस बोल्डर के गिरने से रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
 

2 घंटे की मशक्कत के बाद हटा बोल्डर

घटना की जानकारी मिलते ही बिमलागढ़ आरपीएफ (RPF) पोस्ट के जवान और पीडब्ल्यूआई (PWI) विभाग के कर्मचारी तुरंत सड़क मार्ग से घटनास्थल (किलोमीटर संख्या 443/17) पहुंचे। 
 
जांच में पाया गया कि लगातार बारिश की वजह से पहाड़ी से चट्टान खिसककर पटरी पर आ गिरी थी। बोल्डर काफी बड़ा और भारी था। 
 
इस कारण उसे हटाने में रेलवे कर्मचारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे के अथक प्रयास के बाद रात लगभग 3 बजे बोल्डर को ट्रैक से हटाया जा सका, जिसके बाद ही रेल परिचालन सामान्य हो पाया।
 

बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं

बोल्डर गिरने की वजह से अप लाइन पर करीब 2 घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। जिस वक्त बोल्डर पटरी पर गिरा, उस समय वहां से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना लगातार बारिश के कारण पहाड़ी मिट्टी के धंसने और प्राकृतिक रूप से चट्टान खिसकने की वजह से हुई है। रेलवे प्रशासन अब इस रूट पर सतर्कता बरत रहा है।