विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर में शर्मसार करने वाली घटना: 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर डायन का आरोप लगा मारपीट, 4 गिरफ्तार

Published: Thu, 10 Sep 2026 06:41 PM (IST)

चक्रधरपुर के दलकी गांव में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट की गई, जिसके ...और पढ़ें

चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 9 सितंबर को पीड़ित बुजुर्ग महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया।

चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 9 सितंबर को पीड़ित बुजुर्ग महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया।

HighLights

  1. अंधविश्वास के चलते महिला से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत की कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दलकी गांव में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 
 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
 
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सीमा मुंडारी उर्फ चिकनी मुंडारी, नंदलाल मुंडारी उर्फ नीलु मुंडारी, बाया मुंडारी उर्फ लुदु मुंडारी और राजु मुंडारी उर्फ मोटु मुंडारी (सभी निवासी दलकी) के रूप में हुई है।
 

एक आरोपी की तबीयत बिगड़ी तो महिला पर मढ़ा दोष

चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 9 सितंबर को पीड़ित बुजुर्ग महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने महिला पर टोना-टोटका करने और डायन होने का शक जताया था। इसी अंधविश्वास के चलते गुस्से में आकर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की।
 

विशेष टीम ने गांव में छापेमारी कर दबोचा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (चाईबासा) के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) चक्रधरपुर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। 
 
टीम ने दलकी गांव में दबिश देकर चारों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में SDPO डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रिया लक्ष्मी टुडू, सहायक अवर निरीक्षक बिरबल चौबे और दिलीप कुमार शामिल थे। 
 
पुलिस का कहना है कि अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं का उत्पीड़न गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।