चाईबासा में खौफनाक वारदात: 500 रुपये के विवाद में महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी फरार
चाईबासा के पासुहातु बांग्लासाई गांव में 500 रुपये के लेन-देन के विवाद में 50 वर्षीय पानी सुंडी की पत्थर से ...और पढ़ें

आरोपी ने पत्थर से महिला के सिर पर जोरदार वार कर देने से मौके पर ही दम तोड़ दिया।
HighLights
500 रुपये के विवाद में महिला की पत्थर से हत्या।
आरोपी सोना सुरीन घटना के बाद से फरार है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
जासं, चाईबासा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पासुहातु बांग्लासाई गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां महज 500 रुपये के लेन-देन के विवाद में 50 वर्षीय पानी सुंडी की पत्थर से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्या का आरोप गांव के ही सोना सुरीन नामक व्यक्ति पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है।
500 रुपये के उधारी को लेकर हुआ था विवाद
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका पानी सुंडी ने कुछ समय पहले सोना सुरीन से 500 रुपये उधार लिए थे।
पैसों की वापसी को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात आरोपी सोना सुरीन महिला के घर पहुंचा और घर के बाहर ही दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी।
आरोप है कि बहस के दौरान गुस्से में आकर सोना सुरीन ने पास पड़े पत्थर से पानी सुंडी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पति की मौत के बाद अकेली रह रही थी मृतका
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व बीमारी के कारण पानी सुंडी के पति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से वह घर में अकेली ही रह रही थी।
गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने घर के बाहर महिला का रक्तरंजित शव देखा, तो घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस, छापेमारी जारी
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
