चाईबासा में नशे की हालत में बेटे ने की खूनी वारदात: एसआई पिता और भाई-बहन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार
चाईबासा के उलीझारी गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां नशे में धुत एक युवक ने अपने ...और पढ़ें

एसआई की पत्नी ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान नशे की हालत में आरोपी ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
HighLights
नशे में धुत युवक ने परिवार पर धारदार हथियार से हमला किया।
एसआई पिता, भाई और बहन गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उलीझारी गांव में पारिवारिक विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने आपसी विवाद के दौरान धारदार हथियार (बांकी) से हमला कर दिया।
इसमें तांतनगर थाना में पदस्थापित एसआई समेत तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार सदमे में है।
घायलों में तांतनगर थाना में पदस्थापित सब-इंसपेक्टर गुया कुदादा (उम्र 58 वर्ष), उनके 26 वर्षीय पुत्र लखन कुदादा और 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री शामिल हैं।
ये सभी उलीझारी गांव के ही निवासी हैं। एसआई की पत्नी ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि पारिवारिक विवाद चल रहा था, इसी दौरान नशे की हालत में आरोपी मनीष कुदादा ने आक्रोशित होकर तीनों पर बांकी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल, चाईबासा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से एक की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका गहन उपचार किया जा रहा है।
इस मामले को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना की मुख्य वजह पारिवारिक कलह और नशाखोरी सामने आई है।
