Post Office Embezzlement Case: चाईबासा में 12.93 लाख रुपये गबन करने वाला भगोड़ा पोस्ट मास्टर चढ़ा पुलिस के हत्थे
चाईबासा के बड़ा लागिया शाखा डाकघर से 12.93 लाख रुपये के गबन के आरोप में पिछले चार साल से फरार ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
HighLights
चाईबासा में 12.93 लाख रुपये गबन के आरोप में गिरफ्तारी।
चार साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।
जासं, चाईबासा। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने चाईबासा के बड़ा लागिया शाखा डाकघर से लाखों रुपये के गबन के आरोप में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे तत्कालीन पोस्ट मास्टर परशुराम नायक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह पूरा मामला वर्ष 2022 का है।
सिंहभूम मंडल के डाक अधीक्षक के निर्देश पर चाईबासा अनुमंडल के डाक निरीक्षक कुणाल प्रियदर्शी ने बड़ा लागिया शाखा डाकघर के खातों की गहन जांच की थी।
खाताधारकों और सरकारी रकम पर फेरा था हाथ
जांच रिपोर्ट के आधार पर मुफ्फसिल थाना में तत्कालीन पोस्ट मास्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी पोस्ट मास्टर परशुराम नायक पर विभिन्न खाताधारकों की जमा पूंजी में से 4 लाख 85 हजार रुपये के गबन का आरोप है।
इसके अलावा, उसने डाक विभाग की 8 लाख 8 हजार 131 रुपये की सरकारी राशि का भी गबन किया था। इस प्रकार कुल 12 लाख 93 हजार 131 रुपये के हेरफेर का मामला सामने आया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को उसके संभावित ठिकाने की गुप्त सूचना मिलीी।
इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
