हेमंत सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, विधि व्यवस्था व महिला सुरक्षा में पूरी तरह से फ्लॉप
झारखंड की हेमंत सरकार अपने नौ माह के कार्यकाल में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यह सरकार स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार विधि व्यवस्था महिला सुरक्षा हर क्षेत्र में पूरी तरह से फ्लॉप है।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : झारखंड की हेमंत सरकार अपने नौ माह के कार्यकाल में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यह सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, विधि व्यवस्था, महिला सुरक्षा, हर क्षेत्र में पूरी तरह से फ्लॉप है। इस सरकार के कार्यकाल में महिला उत्पीड़न के मामले बेतहाशा बढ़े हैं। इन मामलों से प्रदेश की महिलाएं भयभीत हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं के मनोबल को बढ़ाने एवं इनके रोष को स्वर देने के उद्देश्य से भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में गुरुवार को कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च में सभी भाजपा कार्यकर्ता पोस्ट ऑफिस चौक में एकत्रित होकर पदयात्रा करते हुए शहीद चौक तक पहुंचे। भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तियु ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार अपने नौ माह के कार्यकाल में पूरी तरह विफल साबित हुई है और हेमंत सरकार कहती है कि हम झारखंड में आदिवासी भाई-बहनों का संरक्षण कर रहे हैं। नित्य प्रतिदिन समाचार पत्रों के माध्यम से आदिवासी भाई-बहनों पर हो रहे अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। हम लोगों को लगता है कि जिस विश्वास पर जनता ने उन्हें सत्ता सौंपा था वह खत्म हो गया। भाजयुमो इस कार्यक्रम के माध्यम से मांग करती है कि उन्हें नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए। क्योंकि जब राज्य के मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है और जब पीड़ित परिवार थाने में शिकायत दर्ज कराने जाता है तो उनकी शिकायत भी दर्ज नहीं की जाती है तो मायूस और बेबस होकर परिवार लौटता है यह कैसा प्रशासन है कि पीड़िता को न्याय नहीं दिला सकता। जब आप अपनी मां, बहन, बेटी की इज्जत आबरू की रक्षा नहीं कर सकते तो सरकार में रहने का आपको कोई हक नहीं बनता, झूठे वादे कर सत्ता में आए यह स्पष्ट दिख रहा है। भाजयुमो प्रशासन से मांग करती है कि जल्द से जल्द दोषियों पर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएं। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन पुरती, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र नंदी, जिला महामंत्री प्रताप कटियार, जगदीश पाट पिगवा, राकेश शर्मा, सुखलाल कुंकल, शिव कुमार राम, सतीश पुरी, अनूप सुल्तानियां, पंकज खिरवाल, दिलीप साव, सूरज सिंह, चंदन झा, राकेश पोद्मदार, सुब्रतो सिन्हा, नीरज पांडेय, पिटू प्रसाद, मंगता गोप, सुखमति बिरुवा, रायमुनी कुन्टिया, संजय पति, अक्षय खत्री, ब्राजील सुंडी आदि उपस्थित थे।