विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में सुलझी चोरी की गुत्थी, बड़ाजामदा से 13 मोबाइल बरामद

By Sudhir PandeyEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Thu, 27 Aug 2026 03:47 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में मजदूरों के कमरे से हुई मोबाइल चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर ...और पढ़ें

आरोपी के पास से चोरी के 13 मोबाइल (12 टचस्क्रीन और 1 कीपैड) बरामद किए गए हैं।

आरोपी के पास से चोरी के 13 मोबाइल (12 टचस्क्रीन और 1 कीपैड) बरामद किए गए हैं।

HighLights

  1. जगन्नाथपुर में 24 घंटे के भीतर मोबाइल चोरी का खुलासा।

  2. बड़ाजामदा से आरोपी विकास प्रसाद गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा।

  3. पुलिस ने चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद किए।

संसू, जगन्नाथपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोडांगहातु गांव में मजदूरों के कमरे से हुई मोबाइल चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। 
 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा निवासी 19 वर्षीय आरोपी विकास प्रसाद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के कुल 13 मोबाइल (12 टचस्क्रीन और 1 कीपैड) बरामद किए गए हैं। 
 
आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में चाईबासा मंडल कारा भेज दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने झींकपानी स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। 
 
उन्‍होंने बताया क‍ि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी सुकफिल शेख (रेलवे पेटी कॉन्ट्रैक्टर) अपने मजदूरों के साथ तोडांगहातु में किराये के मकान में रहते हैं। 
 
25 अगस्त को उन्होंने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 24 अगस्त की रात खाना खाने के बाद सभी मजदूर सो गए थे। 

तड़के करीब तीन बजे जब एक मजदूर की नींद खुली तो उसने देखा कि चार्जिंग में लगाए गए आठों मोबाइल गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तब पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। 
 
चाईबासा पुलिस की तकनीकी शाखा (Technical Cell) के सहयोग से पुलिस ने सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर बड़ाजामदा बस स्टैंड के पास छापेमारी कर विकास प्रसाद को धर दबोचा। 
 
तलाशी लेने पर उसके पास से 13 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।


पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

इस टीम में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, राजेश कुमार राय, अभय कुमार, तकनीकी शाखा चाईबासा के कर्मी तथा थाना बल के जवान शामिल थे।