जनता दरबार में जनता कम पदाधिकारी अधिक दिखे
संसू, मझगांव : मझगांव प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को मासिक जनता दरबार का आयोजन हुआ
संसू, मझगांव : मझगांव प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को मासिक जनता दरबार का आयोजन हुआ। इसमें जनता कम पदाधिकारी अधिक दिखे। जनता दरबार का उद्घाटन बीडीओ हरिवंश पंडित, प्रमुख पूनम जेराई ने किया। जनता दरबार में कई विभागों के स्टाल लगाए गए थे, परंतु प्रखंड की आम जनता नगण्य थी। प्रखंड प्रशासन द्वारा मात्र 25 से 30 कुर्सी भरने के लिए जगह बनाई गई थी। बावजूद कुर्सियां खाली पड़ी थीं। इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जनता की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताई। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। बीडीओ हरिवंश पंडित ने कहा कि जनता दरबार में अनुपस्थित रहने वाले पंचायत सेवक, रोजगार सेवक एवं कर्मचारियों पर सीधे कार्रवाई करेंगे। उन्होंने मोटेशन कार्यों में धीमी गति पर बीपीओ निरंजन मुखी को फटकार लगाई। मझगांव में सबसे अधिक मामले लंबित हैं। उन्होंने बीपीओ को प्रतिदिन का रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अगर रिपोर्ट प्रतिदिन नहीं देते हैं तो आप लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को प्राधिकार पत्र वितरण किया गया। मौके पर बच्चों का आधार कार्ड, लाभुकों को कन्यादान योजना के तहत चेक दिया गया। वहीं लक्ष्मी-लाडली योजना के लाभुकों को प्रमाण पत्र दिया गया।