अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे आउटसोर्सिंग कर्मचारी
झारखंड राज्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के सदस्य सिविल सर्जन कार्यालय के पास 10 सूत्री मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना पर डटे रहे।
जासं, चाईबासा : झारखंड राज्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के सदस्य सिविल सर्जन कार्यालय के पास 10 सूत्री मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना पर डटे रहे। इस संबंध में संघ के अध्यक्ष अरविंद लोहार ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर 3 दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर आउटसोर्सिंग कर्मचारी बैठे हैं लेकिन हमारी मांग को सुनने के लिए कोई पदाधिकारी अभी तक नहीं पहुंचा है। कोविड-19 महामारी में आउटसोर्सिंग कर्मी जान जोखिम में डालकर दिन-रात सेवा कार्य में मौजूद रहें। हमारी 10 सूत्री मांगें जबतक पूरी नहीं होंगी हम हड़ताल में बैठे रहेंगे। तीन दिन गुजरने के बाद भी अब कोई नहीं आया है। इसका मतलब है कि हमें अपने हाल में छोड़ दिया गया है। अब चौथे दिन से सभी भूख हड़ताल करेंगे। इसमें किसी की जान भी जाती है तो चली जाए, इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की ही होगी। इस दौरान झारखंड राज्य अनुबंध एएनएम, जीएनएम कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सुनीता बारीक ने धरना स्थल मे बैठकर आउटसोर्सिंग कर्मियों को अपना समर्थन दिया। सुनीता ने कहा कि आप सभी की मांगें जायज हैं। इसलिए झारखंड राज्य अनुबंध एएनएम, जीएनएम कर्मचारी संघ आप लोगों के साथ है। इतना अत्याचार गलत है। जबकि सरकार सबसे ज्यादा अनुबंध कर्मियों से काम लेती है। इसमें छटनी करना गलत बात है। मौके पर कृष्ण मुखी, जतरू कारवा, विमलेश कुमार, सोमा संवैया, पीलू कारवा, नजमुस साकिव, सुशेन महतो, शिवा बानरा, फूल कुमारी बेहरा, शंशाक प्रधान, घनश्याम महतो, संतोष गोप, उमा कारवा, शांति कारवा, राजू केशरी, विद्याधर नायक, योगेंद्र मुखी, मालती मुखी, राजा मुखी, बिन्दु रानी महतो, गणेश सिंह, अभिजीत नाग, सतीश खाखा समेत अन्य मौजूद थे।