पुरानी रंजिश या कोई और वजह? चाईबासा में खौफनाक वारदात, दामाद के घर रह रहे बुजुर्ग को महिला ने मार डाला
चाईबासा के गितिलपी गांव में एक 63 वर्षीय बुजुर्ग सुभाष माटिया की लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

घर के बाहर सो रहे एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की लकड़ी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
HighLights
चाईबासा के गितिलपी गांव में बुजुर्ग की हत्या।
पुलिस ने 24 वर्षीय महिला नोनी सांडील को किया गिरफ्तार।
जासं, चाईबासा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गितिलपी गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घर के बाहर सो रहे एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की लकड़ी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान मंझगांव थाना क्षेत्र के सोनापोस गांव निवासी सुभाष माटिया के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में 24 वर्षीय महिला नोनी सांडील को गिरफ्तार कर लिया है।
दामाद के घर रह रहे थे बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष माटिया रोजगार की तलाश में करीब एक महीने पहले गितिलपी गांव आए थे और अपने दामाद दुर्गा चरण संवैया के घर पर रह रहे थे।
शनिवार शाम करीब पांच बजे वह घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी महिला नोनी सांडील वहां पहुंची और अचानक उन पर लकड़ी से हमला कर दिया।
छाती, कमर और सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
आरोपी महिला ने सो रहे बुजुर्ग की छाती, कमर और सिर पर लकड़ी से कई जोरदार वार किए। गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण सुभाष माटिया ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी।
त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार, वजह की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला नोनी सांडील को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और उनके बीच किसी पुराने विवाद का पता लगाया जा सके।
