भूख हड़ताल में बैठे आउटसोर्सिंग कर्मियों में पांच की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
पश्चिम सिंहभूम जिला के स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मी पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठे हैं।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला के स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मी पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर धरना पर बैठे हैं। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर 10 आउटसोर्सिंग कर्मियों के द्वारा बुधवार से भूख हड़ताल किया जा रहा है। भूख हड़ताल के दौरान ही शुक्रवार सुबह पांच आउटसोर्सिंग कर्मियों की तबीयत बिगड़ गई। उनको इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांचों महिला कर्मी हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष अरविंद लोहरा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने हम लोगों का अनुबंध से हटाने के लिए पत्र जारी किया है। उसके विरोध में हम लोग लगभग एक सप्ताह धरना देने के बाद बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसकी सूचना पहले ही स्वास्थ्य विभाग को दी जा चुकी है। किसी भी प्रकार की अनहोनी होने से इसकी सारी जिम्मेदारी समस्त विभाग और पुलिस प्रशासन के ऊपर होगी । शुक्रवार सुबह पांच महिला कर्मियों की तबीयत बिगड़ी थी, इसकी जानकारी होने पर तत्काल सदर अस्पताल की एएनएम पहुंचकर पांचों महिला कर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। दोपहर बाद तबीयत ठीक होने के बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद भी अपनी मांग के लिए सभी दिनरात भूख हड़ताल पर जमे हुए हैं।