विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड सरकार की बड़ी पहल: चाईबासा में लाभुकाें को मिला सपनों का आशियाना, उपहार में मिला प्रेशर कुकर

Published: Sat, 27 Jun 2026 06:47 PM (IST)

चाईबासा के नीमडीह पंचायत में अबुआ आवास, अंबेडकर आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए विशेष गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।

AI Generated Image.

AI Generated Image.

HighLights

  1. तीन महिला लाभार्थियों को अबुआ आवास की चाबियां मिलीं।

  2. लाभार्थियों को उपहार में प्रेशर कुकर प्रदान किया गया।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिलांतर्गत सदर प्रखंड की नीमडीह पंचायत में शनिवार को विशेष गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
 
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अबुआ आवास, अंबेडकर आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रोत्साहित करना था।
 

नारियल फोड़कर लाभुकों को सौंपी चाबियां  

कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से ग्राम नीमडीह की तीन महिला लाभार्थियों सरिता विश्वकर्मा, शीतल मिंज और पार्वती किस्पोट्टा को उनके नवनिर्मित अबुआ आवास में प्रवेश कराया गया। 
 
अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) उपेंद्र कुमार, प्रखंड प्रमुख मंजू देवगम और जिला कृषि पदाधिकारी अमरजीत कुजूर ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर इस अनुष्ठान को संपन्न कराया। 
 
अधिकारियों ने बेहद भावुक क्षणों के बीच लाभार्थियों को उनके नए पक्के मकान की चाबियां सौंपीं और उन्हें नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। 
 

उपहार स्वरूप मिला प्रेशर कुकर 

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की तरफ से गृह प्रवेश को यादगार बनाने के लिए सभी लाभार्थियों को उपहार स्वरूप हॉकिंग प्रेशर कुकर प्रदान किया गया। 
 
इस मौके पर मुखिया सुमित्रा देवगम, पंचायत समिति सदस्य विवेक पूर्ति, वार्ड सदस्य सुनीता देवी, अमोल विश्वकर्मा तथा को-ऑर्डिनेटर पसंद कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनिल गोप, रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण इस खुशी के साक्षी बने।
 

क्या है झारखंड की अबुआ आवास योजना 

झारखंड सरकार द्वारा 15 अगस्त 2023 को शुरू की गई अबुआ आवास योजना राज्य के बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए एक जीवनदायिनी पहल है। 

  •     3 कमरों का पक्का मकान: इस योजना के तहत केंद्र सरकार की पीएम आवास योजना से वंचित रह गए परिवारों को राज्य सरकार अपनी निधि से 3 कमरों का पक्का मकान (रसोईघर और शौचालय सहित) मुहैया कराती है। 
  •     ₹2 लाख की आर्थिक सहायता: पक्के मकान के निर्माण के लिए लाभार्थियों को राज्य सरकार द्वारा 5 किश्तों में कुल 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। 
  •     रोजगार की गारंटी: मकान निर्माण में सहायता के साथ-साथ लाभार्थियों को 'मनरेगा' योजना के तहत अपने ही घर के निर्माण कार्य में मजदूरी करने का अवसर भी मिलता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त रोजगार प्राप्त होता है।


यह योजना राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समाज में एक सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जीने की छत प्रदान कर रही है।

यह भी पढ़ें- साहिबगंज: अबुआ आवास में बिचौलियों का बोलबाला, पैसा लेकर नहीं बनाए आवास; मारा जा रहा गरीबों का हक

यह भी पढ़ें- आवास योजना की राशि मिलने पर एक हफ्ते में शुरू कराएं निर्माण, वरना होगी वसूली; चितपुर BDO की चेतावनी 

यह भी पढ़ें- अबुआ आवास योजना में सख्ती: समय पर मकान नहीं बनाया तो राशि होगी वापस, BDO की चेतावनी