केंद्र सरकार सेना से जबरन बुलवा रही अग्निपथ के फायदे : गीता कोड़ा
कोड़ा ने भाजपा पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
केंद्र सरकार सेना से जबरन बुलवा रही अग्निपथ के फायदे : गीता कोड़ा
जागरण संवाददाता, चाईबासा : अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को सिंहभूम सांसद सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा शहर के गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के नीचे हाथों में तख्ती लेकर काफी संख्या में कांग्रेसी सत्याग्रह पर बैठे और अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की। सांसद गीता कोड़ा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए सत्याग्रह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सेना के अधिकारियों से जबरदस्ती अग्निपथ के फायदे बुलवा रही है। अगर इस योजना से युवाओं और सेना को कोई फायदा होता तो रिटायर्ड सेना के अधिकारी अग्निपथ योजना का विरोध क्यों करते। कोड़ा ने भाजपा पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। सेना के नाम पर भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। चार साल की नौकरी के बाद युवा बेरोजगार होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग कह रहे है कि अग्निवीरों को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी देंगे, इससे शर्मनाक की क्या बात हो सकती है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि अगर अग्निपथ योजना को तुरंत वापस नहीं लिया गया तो वो अपना विरोध-प्रदर्शन देशभर में और तेज करेंगे। सत्याग्रह कार्यक्रम को वरीय कांग्रेस नेत्री नीतिमा बारी बोदरा, राज कुमार रजक, कृष्णा सोय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार व धन्यवाद ज्ञापन जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय ने किया। कार्यक्रम में दिकु सवैयां, चंद्रमोहन गौड़, मोहन सिंह हेंब्रम, चंद्रशेखर दास, जितेन्द्र नाथ ओझा, लक्ष्मण हांसदा, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, सुशील कुमार दास आदि उपस्थित थे।