खेती के साथ गोपालन भी करें किसान
जागरण संवाददाता, चाईबासा : सदर प्रखंड के करलाजुड़ी पंचायत में जिला परिषद अध्यक्ष लालमुनी पुर
जागरण संवाददाता, चाईबासा : सदर प्रखंड के करलाजुड़ी पंचायत में जिला परिषद अध्यक्ष लालमुनी पुरती ने किसानों के बीच बीज वितरण किया। मौके पर जिप अध्यक्ष ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान है। किसानों के मेहनत से ही पूरे देश को अनाज उपलब्ध होता है। किसानों की सुविधा के लिए जिला परिषद विभिन्न प्रकार की योजना को स्वीकृति प्रदान कर रही है। किसान भाई मेहनत और लगन के साथ खेती करें, जिससे उनके आय की वृद्धि बेहतर तरीके से की जा सके। उन्होंने कहा कि इस दौरान किसानों के बीच सरसो, चना, मसूर का बीज दिया गया। साथ ही करलाजुड़ी पंचायत के उप स्वास्थ्य केन्द्र में नियमित रुप से प्रसव कराया जाता है, सुविधा भी अच्छी तरह स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिया गया है, लेकिन केंद्र में बिजली व पानी नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग को विद्युत की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इससे रात में होने वाले प्रसव में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
वहीं आंगनबाड़ी में पीएचडी विभाग से चापाकल निर्माण कराया जाएगा। गांव के विकास के लिए पूरे जिले में अब औचक निरीक्षण कर लोगों को जरूरत के चीजों को मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसान सिर्फ खेती तक ही सीमित नहीं रहें। खेती के साथ गाय की भी पालन करें। इससे खाद की समस्या भी दूर होगी और गाय की दूध बेचकर अच्छा आय भी प्राप्त कर सकते हैं। किसान मेहनत करते हैं पर उन्हें वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की जरूरत है। इसमें कम खर्च में ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है।