Amrit Bharat Scheme: एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस हुए रायरंगपुर और बदामपहाड़ स्टेशन, जल्द होगा उद्घाटन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र रायरंगपुर और बदामपहाड़ रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य ...और पढ़ें

बदामपहाड़ स्टेशन पर 12.04 करोड़ रुपये और रायरंगपुर स्टेशन पर 7.58 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं।
HighLights
रायरंगपुर, बदामपहाड़ स्टेशन एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस।
राष्ट्रपति मुर्मू 28 अक्टूबर को कर सकती हैं उद्घाटन।
नई पुरी-बदामपहाड़ एक्सप्रेस को भी मिलेगी हरी झंडी।
जासं, चक्रधरपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र रायरंगपुर और बदामपहाड़ रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
दोनों स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप से लैस किया गया है। रेलवे प्रशासन संभावित उद्घाटन समारोह की तैयारियों में तेजी से जुट गया है।
संभावना जताई जा रही है कि आगामी 28 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दोनों स्टेशनों के पुनर्विकसित स्वरूप का उद्घाटन कर सकती हैं। इसके साथ ही एक नई पुरी-बदामपहाड़-पुरी एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाए जाने की उम्मीद है।
हालांकि, राष्ट्रपति भवन की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि इन दोनों स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
बदामपहाड़ स्टेशन पर 12.04 करोड़ रुपये और रायरंगपुर स्टेशन पर 7.58 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। इसके तहत स्टेशन परिसरों का सौंदर्यीकरण, प्लेटफार्म व प्लेटफार्म शेड का उन्नयन, कोच और ट्रेन संकेतक बोर्ड, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, बेहतर लाइटिंग, आधुनिक वेटिंग हॉल, एग्जीक्यूटिव लाउंज, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और दिव्यांगजनों के अनुकूल विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं।
रेलवे प्रशासन अपनी सभी तैयारियां पूरी करने में लगा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति सचिवालय से हरी झंडी मिलने और आधिकारिक घोषणा होने के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
इन स्टेशनों के कायाकल्प से स्थानीय यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और इस क्षेत्र का रेल बुनियादी ढांचा काफी मजबूत होगा। इसके अलावा, नई पुरी–बदामपहाड़–पुरी एक्सप्रेस के शुरू होने से रेल कनेक्टिविटी में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
