भाई-भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
गोईलकेरा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपित युवक मुकेश नायक फरार बताया जा रहा है।
संवाद सूत्र, गोईलकेरा : गोईलकेरा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपित युवक मुकेश नायक फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर निवासी बारा नायक और उसके छोटे भाई मुकेश नायक के बीच सोमवार की सुबह पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इसको लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा होने लगा। इसी दौरान बारा नायक की पत्नी बीचबचाव करने पहुंची तो देवर मुकेश ने उसपर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला का सिर फट गया। वहीं मुकेश ने अपने भाई बारा नायक पर भी डंडे से हमला किया और फरार हो गया। ग्रामीण मुंडा मंदाता नायक घायलों को अस्पताल लेकर आए और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
---------------------
गोईलकेरा के जामजुड़ी में हत्या कर अधेड़ के शव को जंगल में दफनाया
पुलिस ने मृतक के पुत्र समेत छह लोगों को किया गिरफ्तार
संवाद सूत्र, गोईलकेरा : गोईलकेरा थाना क्षेत्र के बारा पंचायत के जामजुड़ी गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर शव को जंगल में दफनाए जाने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाला। साथ ही हत्या के आरोप में मृतक जोन्डक बांडरा के 19 वर्षीय पुत्र संजय बांडरा समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। हत्या बीते 14 जनवरी को की गई थी। पुलिस के अनुसार जोन्डक बांडरा आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। साथ ही उसे शराब की लत थी। पीने के बाद वह महिलाओं से अभद्रता करता था। जिसके कारण उसकी लाठी डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले की जानकारी मृतक के पुत्र संजय बांडरा ने ही थाने में आकर दी। पुलिस की जांच में पता चला कि गांव के छह लोगों ने जोन्डक की हत्या करने के बाद पास के ही गांगुबासा में शव को दफना दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी महेंद्र हेम्ब्रम की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाला गया। इधर पुलिस ने हत्या के आरोप में नरेश बांडरा, भूरा बांडरा, पतरस बांडरा, मातड़ा बांडरा, सौदा बांडरा को गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के क्रम में पुलिस को पता चला कि हत्या में मृतक का पुत्र संजय बांडरा भी संलिप्त है। जिसके बाद पुलिस ने पिता की हत्या का मामला दर्ज कराने वाले संजय को जोरनाबेड़ा स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। सभी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।