चाची से नाजायज संबंध का आरोप लगाया तो पिता को पीट- पीटकर मार डाला
गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोंवा में महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाने पर एक युवक ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
संवाद सूत्र, गोईलकेरा : गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोंवा में महिला से अवैध संबंध का आरोप लगाने पर एक युवक ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के दो दिन बाद आरोपित मारतोम बहांदा ने खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मृतक रांसी बहांदा (65 वर्ष) के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बीते शुक्रवार की रात मारतोम बहांदा ने घर में ही अपने पिता रांसी बहान्दा के साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान रांसी ने मारतोम पर चाची से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया और उससे दूर रहने की नसीहत दी। इससे मारतोम भड़क गया और उसने अपने पिता की बुरी तरह पिटाई कर दी। बेतहासा पिटाई से वृद्ध पिता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मारतोम मृतक पिता के शव के सामने ही रात भर बैठा रहा। दूसरे दिन उसने गांव से पैदल गोईलकेरा आकर थाने में सरेंडर कर दिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।