ढिबरी की आग से जला एक अधेड़, सदर अस्पताल में भर्ती
हाटगम्हरिया के बलान्डिया सालीबुरू निवासी 40 वर्षीय कृष्णा गागराई ढिबरी की आग से जलकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जासं, चाईबासा : हाटगम्हरिया के बलान्डिया सालीबुरू निवासी 40 वर्षीय कृष्णा गागराई ढिबरी की आग से जलकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि सोमवार रात को करीब आठ बजे कृष्णा ढिबरी लेकर लघुशंका के लिए कमरे से निकला था। बताया गया कि ढिबरी से केरोसिन लीकेज होने के कारण एक कटोरी में ढिबरी लेकर बाहर निकला था। लघुशंका के लिए पैंट की चैन खोलने लगा तो कटोरी से केरोसीन उसके पैंट एवं फुल शर्ट में छिटक कर गिर गई। जिस वजह से ढिबरी की आग तेजी से उसके कपड़े में लग गई। घटना में कृष्णा गागराई का चेहरा, सीना व दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गया है। उसे देर रात को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। लेकिन मरीज ने टाटा जाने से इंकार कर दिया।