पत्नी को जलाकर मारने के आरोप में पति व पिता गिरफ्तार
नोवामुंडी पुलिस ने पत्नी द्रौपदी पान को जलाकर मारने के आरोप में नोवामुंडी थानांतर्गत ग्राम लोकेसाई निवासी पति राजकुमार पान एवं उनके पिता जगदीश पान को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद गुरुवार को चाईबासा जेल भेज दिया है।
संसू, नोवामुंडी : नोवामुंडी पुलिस ने पत्नी द्रौपदी पान को जलाकर मारने के आरोप में नोवामुंडी थानांतर्गत ग्राम लोकेसाई निवासी पति राजकुमार पान एवं उनके पिता जगदीश पान को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद गुरुवार को चाईबासा जेल भेज दिया है। राजकुमार पान ने जगन्नाथपुर थानांतर्गत गोरियाडुबा निवासी द्रौपदी पान से प्रेम विवाह किया था। विगत चार जुलाई को द्रौपदी पान अपने ससुराल लोकेसाई में रहस्यमय तरीके से जल गई थी। उसे गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान पांच जुलाई को द्रौपदी पान की मौत हो गई थी। मृतका द्रौपदी पान के पिता सुकना पान ने इस विषय में अपने दामाद राजकुमार पान एवं उसके पिता जगदीश पान के खिलाफ बेटी को जलाकर मारने का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होते ही थाना प्रभारी सह आरक्षी निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद के नेतृत्व में दोनों आरोपितों को लोकेसाई से गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद उन्हें चाईबासा जेल भेज दिया गया।