प. सिंहभूम में 17 प्रखंड कोरोना मुक्त, चाईबासा में बचा केवल एक सक्रिय केस
कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के बीच बड़ी राहत की खबर आई है। अब पश्चिमी सिंहभूम जिला में कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी तरह नियंत्रण में आ गया है। 18 प्रखंडों में केवल चाईबासा सदर में मात्र एक सक्रिय केस बचा है।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के बीच बड़ी राहत की खबर आई है। अब पश्चिमी सिंहभूम जिला में कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी तरह नियंत्रण में आ गया है। 18 प्रखंडों में केवल चाईबासा सदर में मात्र एक सक्रिय केस बचा है। शेष 17 प्रखंड में कोरोना संक्रमित मरीज की संख्या शून्य हो गई है। पिछले एक सप्ताह में एक भी नया मरीज सामने नहीं आया है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को कुल 1014 लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया था। सभी की जांच रिपोर्ट नगेटिव आयी। अभी तक जिले में 249595 लोगों की कोरोना जांच की गयी है। इनमें से 245754 लोगों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से 4838 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये जबकि 240916 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी। जुलाई 2020 से लेकर अभी तक 39 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। 4798 लोग पूरी तरह स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 99.2 फीसद हो गया है जोकि देश व झारखंड की तुलना में काफी बेहतर है। जिले में वर्तमान में कोरोना की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान जोरशोर से चल रहा है। सभी फंटलाइन वर्कर्स को टीका का पहला डोज दिया जा चुका है। दूसरा डोज अब दिया जा रहा है। अभी तक टीका लगने से किसी की भी स्थिति बिगड़ने की बात सामने नहीं आयी है। उपायुक्त अरवा राजकमल व एसपी अजय लिडा समय-समय पर लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।