विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तालाब नहीं, सड़क चाहिए!' सिमडेगा में जर्जर सड़क पर भरे पानी में ग्रामीणों ने पकड़ी मछली, नहाकर जताया विरोध

Published: Fri, 28 Aug 2026 09:33 AM (GMT+05:30)

बानो प्रखंड के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क के ...और पढ़ें

जर्जर सड़क पर भरे पानी में ग्रामीणों ने पकड़ी मछली

जर्जर सड़क पर भरे पानी में ग्रामीणों ने पकड़ी मछली

HighLights

  1. बानो में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क पर अनोखा विरोध किया।

  2. सड़क के गड्ढों में मछली पकड़ी और पानी में नहाया।

  3. प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की गई।

संवाद सूत्र, बानो। प्रखंड क्षेत्र की जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। बानो मुख्य पथ के पबुड़ा मोड़ से केबेटांग, पांगुर, टोनिया, गेनमेर होते हुए हुरदा तक जाने वाली सड़क की बदहाली से आक्रोशित ग्रामीणों ने जेएलकेएम जिला महासचिव रविंद्र सिंह के नेतृत्व में सड़क जाम कर दिया। 

ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों में जमा बारिश के पानी में मछली पकड़ी और उसी गड्ढे के पानी में नहाकर विरोध जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा- तालाब नहीं, सड़क चाहिए। ग्रामीणों के इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। 

सड़क की वर्षों से मरम्मत नहीं हुई 

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की वर्षों से मरम्मत नहीं हुई है। इससे जगह-जगह एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से पूरी सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। 

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। बड़े वाहनों के फंसने से सड़क पर घंटों जाम की स्थिति भी बनती है। रविंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग ग्रामीण कई वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई। यह सड़क बानो प्रखंड की छह पंचायतों को जोड़ने के साथ ही आगे ओडिशा सीमा तक जाती है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की। 

शिकायत के बावजूद सिर्फ आश्वासन

ग्रामीणों ने कहा कि मुखिया, विधायक और विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिला। मजबूर होकर उन्हें अनोखे तरीके से विरोध करना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो प्रखंड मुख्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।