यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहले जारी करता था मौत का फरमान, अब कर रहा भगवान का आह्वान
दूसरों के लिए मौत का फरमान जारी करने वाला अब अपनी जान बचाने के लिए भगवान का आह्वान कर रहा है।

जागरण संवाददाता, सिमडेगा। कल तक दूसरों के लिए मौत का फरमान जारी करने वाला 25 लाख का इनामी पीएलएफआइ सुप्रीमो दिनेश गोप अब अपनी जान बचाने के लिए भगवान का आह्वान कर रहा है। लगातार घटती ताकत व सुरक्षा को लेकर चिंतित दिनेश गोप इन दिनों सावन में भगवान शिव को प्रसन्न करने में जुटा है। वह अपनी मृत्यु की छाया को दूर करने के लिए महामृत्युंजय जप कराने की तैयारी में है। अनुष्ठान के लिए उसने बिहार के आचार्य से उसने संपर्क भी किया है।
सिमडेगा के एसपी राजीव रंजन के अनुसार दिनेश गोप बिहार से आचार्य को बुलवाकर पूजा-पाठ करवाने की तैयारी में जुटा है। वह 40 हजार रुपये खर्च भी कर चुका है। महामृत्युंजय पाठ करवाने की सूचना पुलिस को मिल गई। पुलिस अब पूजा कराने वाले आचार्य की कुंडली खंगालने में जुटी है।
दिनेश गोप को पकड़ने के लिए पुलिस ने एकल मिशन बनाकर काम शुरू कर दिया है। एसपी खुद सघन जंगलों में पदाधिकारियों व जवानों के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं। एसपी ने कहा है दिनेश गोप अब काफी कमजोर पड़ गया है। वह मात्र चार-पांच सदस्यों के साथ क्षेत्र में घूमता है। उसके एरिया को चिह्नित कर लिया गया है। वह खूंटी जिले के रनिया से लेकर ओड़गा तक घने जंगलों का फायदा उठाते हुए पुलिस की गिरफ्त में आने से बचता रहा है।
एसपी ने कहा कि पुलिस को जनता से सहयोग मिल रहा है। दिनेश गोप पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित है। सटीक सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा साथ ही उसे इनाम की राशि भी दी जाएगी। एसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि नक्सली हथियार डालें, अन्यथा पकड़े जाएंगे या फिर मारे जाएंगे। सरकार उन्हें मुख्यधारा में लौटने का अवसर भी दे रही है।
