सिमडेगा में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस
सिमडेगा : गणतंत्र दिवस समारोह जिले भर में धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह स्थल अल्बर्ट एक्क
सिमडेगा : गणतंत्र दिवस समारोह जिले भर में धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह स्थल अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में डीसी जटाशंकर चौघरी ने झंडारोहण किया। इसके पूर्व उपायुक्त एवं एसपी संजीव कुमार ने खुली जिप्सी के माध्यम से परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी जिला वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सब के लिए गर्व की बात है कि भारतीय गणतंत्र 70 वें साल में प्रवेश कर रहा है। आजादी के बाद जननायकों ने इस विशाल देश में एक प्रजातांत्रिक गणराज्य की स्थापना की और हर एक व्यक्ति को सरकार चुनने का समान अधिकार दिया। नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रखते हुए उनका जीवन स्तर उन्नत बनाने तथा जरुरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन का आधार उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रयासरत है। जिले में महिलाओं को राजमिस्त्री का प्रशिक्षण दिलाकर उन्हे रानी मिस्त्री का दर्जा दिया गया। शौचालय निर्माण में उनके सराहनीय काम को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर इन्हे पहचान मिली। आज 2200 रानी मिस्त्रियां हमारे जिले की कुशल महिला श्रम शक्ति के रूप में काम कर रहीं है। बेसलाईन सर्वे के अनुसार जिला को खुले में शौचमुक्त घोषित किया जा चुका है। जिला में बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। जिले के लचड़ागढ़ एवं हेठमा में दो नए ग्रिड की स्थापना की जा रही है। 7 पावर सबस्टेशन चालू हैं। इसके अतिरिक्त 8 और पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति में हैं। प्रशासन द्वारा जिला के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को दी जा रही शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए कई विशेष कार्य प्रारंभ किए गए हैं। समर्पित शिक्षकों का दल तैयार किया गया है, जो विभिन्न सरकारी स्कूलों में जाकर आवश्यकतानुसार पढ़ाई में मदद कर रहे हैं। ज्ञान सेतु के तहत 2025 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।ऑपरेशन व्हाईट बोर्ड के तहत सभी विद्यालयों में ब्लैक बोर्ड के बदले व्हाईट बोर्ड की शुरूआत की गई है। आगामी 29 जनवरी से कुष्ठ रोग नियंत्रण हेतु जिला में व्यापक अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। टीबी रोग पर नियंत्रण हेतु विशेष कार्यक्रम शुरु किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अब तक जिले में लगभग 34,000 गोल्डेन कार्ड जारी किये किए गए हैं। कार्डधारी के परिवार के सदस्य इस योजना में पंजीकृत अस्पतालों में एक साल में 5 लाख रुपये तक का इलाज करा सकते हैं। अभी जिला में 7 सरकारी एवं 3 निजी अस्पताल पंजीकृत हैं। मेडिकल इमरर्जेसी की स्थिति में '108-एम्बुलेंस सेवा' का उपयोग नागरिकों द्वारा किया जा रहा है। परंतु जहां चारपहिया वाहन नहीं जा सकते हैं वैसे दुरुह क्षेत्र में रहनेवाले लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा मोटर साईकिल एम्बुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस के द्वारा भी अपराध व उग्रवाद पर नियंत्रण के लिए कई सार्थक पहल किए गए हैं। ----बारिश में डटे रहे जवान व बच्चे
गणतंत्र दिवस के दिन ही मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही बारिश की फुहार पड़ रही थी। बावजूद लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। परेड में शामिल जवान व स्कूली बच्चे भी इस दौरान डटे रहे। -----झांकी में परिवहन विभाग प्रथम
गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य समारोह में आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। जिसमें परिवहन विभाग को पहला पुरस्कार मिला।विभाग के द्वारा दुर्घटना को रोकने से संबंधित थीम पर झांकी प्रस्तुत की गई थी। इसके अलावा अन्य विभागों व स्कूलों के द्वारा झांकियां प्रस्तुत की गई थी। जिसे देख लोगों ने खूब सराहना की।