प्लस पोलियों अभियान से बच्चे रहेंगे स्वस्थ
सिमडेगा उपायुक्त विप्रा भाल ने रविवार को जिले के सदर अस्पताल में पल्स पोलियो अभियान शुरू किया
सिमडेगा : उपायुक्त विप्रा भाल ने रविवार को जिले के सदर अस्पताल में पल्स पोलियो अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत जिले में 3 दिनों तक 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की शुरुआत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को खत्म करने के लिए देश स्तर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा काफी प्रयास किए गए हैं। इस वजह से इस बीमारी की संख्या में काफी कमी देखने को मिली है। जिले के बच्चे स्वस्थ रहें, इसलिए उन्हें पोलियो की खुराक देना अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने आम जनता से अपील की पल्स पोलियो अभियान में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने आस-पड़ोस के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि स्वस्थ बच्चे हमारे देश के बेहतर भविष्य बन सकें। मौके पर सिविल सर्जन सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले में पल्स पोलियो अभियान के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कैंप लगाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सिमडेगा विधायक विमला प्रधान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोलियो जागरूकता अभियान जिले के बच्चों के लिए बेहतर अभियान है तथा इसके माध्यम से जिले के बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि,बच्चों के अभिभावक एवं आम जन उपस्थित थे।