पंडालों के पट खुले, मां के दर्शन से निहाल हुए भक्त
महासप्तमी के मौके पर पूजन अनुष्ठान के साथ सभी पंडालों के पट खुल गए। दुर्गापू
जासं,सिमडेगा : महासप्तमी के मौके पर पूजन अनुष्ठान के साथ सभी
पंडालों के पट खुल गए। दुर्गापूजा पंडालों में नवपत्रिका प्रवेश के साथ मां दुर्गे का आह्वान कर पूजन शुरू हुई। आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधि पूर्वक पूजन कराकर प्रतिमा का अनावरण किया गया। सभी पंडालों के पट खुलते ही मां के दर्शन से भक्त निहाल हुए। कोरोना महामारी के संकट काल में सरकारी गाइडलाइन के तहत सारी व्यवस्था की गई है। पंडालों में पुरुष-महिलाओं के लिए अलग-अलग कतार बनाई गई है,जहां लोग शारीरिक दूरी के नियमों का अनुपालनकरते हुए माता की प्रतिमा का दर्शन कर रहे थे। कोरोना संकट होने की वजह से सभी पंडालों में अन्य वर्षों की तुलना में पहले दिन लोगों की उपस्थिति कम रही। वैसे आयोजकों ने अपने स्तर से पूरी तैयारी की है। प्रशासन के तरफ से सभी पंडालों में सर्पदंश की जागरूकता के पोस्टर समेत कोरोना जागरूकता के पोस्टर भी लगाए गए हैं। इधर सभी पूजा पंडालों में साज-सज्जा की गई है। अलग-अलग पंडालों में अलग-अलग समितियों तैयारी में जुटी हुई हैं। प्रिस चौक सिमडेगा में नवज्योति नवयुवक संघ के तत्वावधान में पूजन का आयोजन किया जा रहा है। यहां पुरोहित श्यामसुंदर मिश्र एवं यजमान अनूप केसरी बने हैं। रामजानकी मंदिर परिसर में मां की भव्य प्रतिमा बनाई गई है,जहां माता के दरबार को विशेष तरीके से सजाया गया है। नवयुवक संघ यहां आयोजन में जुटा है। पुरोहित के रूप से आचार्य विद्याबंधु शास्त्री,नागेश्वर होता तथा यजमान पुरुषोत्तम अग्रवाल बने हैं। नीचे बाजार सिमडेगा में नवयुवक संघ ने पूजा का आयोजन किया है। यहां आचार्य प्रदीप मिश्र व यजमान राजकुमार शाह व पन्ना लाल चौधरी पूजन कार्य में जुटे हैं। गुलजार गली में यूथ कंबिनेशन द्वारापूजन का आयोजन किया जा रहा है। यहां आचार्य हरिश्चंद झा एवं यजमान के रूप में योगेन्द्र रोहिल्ला ने पूजा-अर्चना की। वहीं दुर्गापूजा समिति कुंजनगर में धूमधाम से पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यहां पुरोहित सतीश पाठक एवं यजमान रामजी यादव बने हैं। इधर सभी पंडालों में शनिवार को महाअष्टमी के मौके पर विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। पंडालों में दीपमाला जलाने की भी
तैयारी की गई है।