कीटनाशक खाने से प्रेमिका की मौत; प्रेमी की हालत गंभीर
Girlfriend committed suicide. झारखंड में कीटनाशक खाने से प्रेमिका की मौत हो गई जबकि प्रेमी की हालत गंभीर बनी हुई है।
संवाद सूत्र, सिमडेगा। जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र के क्रुसकेला में गुरुवार को प्रेमी और प्रेमिका ने कीटनाशक खाकर अपनी इहलीला खत्म करने का प्रयास किया, जिसमे प्रेमिका लीलावती कुमारी, गोंदेसेरा, ओडिशा निवासी की मौत हो गई, वही प्रेमी अर्जुन राम समय रहते सदर अस्पताल लाए जाने के कारण बच गया। फिलहाल, अर्जुन सदर अस्पताल में इलाजरत है। अर्जुन का विवाह लगभग दो माह पूर्व मुनी देवी से हुआ है।
घटना के संबंध में अर्जुन राम ने बताया कि लीलावती से उसका प्रेम प्रसंग दो साल से है। इनका प्यार मोबाइल के माध्यम से परवान चढ़ा। होली के एक दिन पूर्व बुधवार को लीलावती उसके घर आई थी। इसके बाद वह अर्जुन के छोटकी (छोटी बीवी) बनकर रहने की बात बोली थी। इस पर अर्जुन की पत्नी मुनी देवी ने उन दोनों को साथ रहने और स्वयं अपने मायके जाने की बात कही। होली के दिन गुरुवार को लीलावती ने अर्जुन को साथ लेकर जंगल की ओर चली गई।
अर्जुन ने बताया कि जंगल जाने के बाद लीलावती ने दोनो को साथ मे मरकर अपने प्रेम को अमर करने की बात कही। इसके बाद दोनों ने साथ में लाया कीटनाशक खा लिया। जब दोनों की तबीयत बिगड़ी तो प्रेमिका लीलावती अचेत हो गई। वही, अर्जुन जैसे-तैसे कर अपने घर लौटा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। तब परिजन आनन-फानन दोनों को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां लीलावती को चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। वही, अर्जुन समय से उपचार मिलने के कारण बच गया। इधर, गुरुवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को शव को सौंप दिया। साथ ही, मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।