खरसावां में शुरू हुई मां लक्ष्मी की पूजा
खरसावां- कुचाई के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार से सादगीपूर्ण वातावरण में धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा शुरू हुई। खरसावां व कुचाई के विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक सौ स्थानों पर मां लक्ष्मी की छोटी-छोटी प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही है।
संवाद सूत्र, खरसावां : खरसावां- कुचाई के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार से सादगीपूर्ण वातावरण में धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा शुरू हुई। खरसावां व कुचाई के विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक सौ स्थानों पर मां लक्ष्मी की छोटी-छोटी प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही है। कुछ स्थानों में बुधवार को भी पूजा की जायेगी। बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रख कर मां लक्ष्मी की पूजा की। इस वर्ष कोविड-19 को लेकर अधिकांश पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जायेगा। खरसावां के खेलारीसाही, बेहरासाही, बाजारसाही, बुरुडीह, दितसाही समेत विभिन्न स्थानों में भक्ति भाव के साथ मां लक्ष्मी की पूजा की जा रही है। मंगलवार को पवित्र शरद पूर्णिमा के मौके पर घरों में लक्ष्मी-नारायण की पूजा की गयी। महिलाओं ने व्रत रख कर घर में कलश स्थापित कर लक्ष्मी-नारायण की पूजा की। मान्यता है कि इस दिन लक्ष्मी-नारायण की पूजा से समृद्धि आती है। रात को चन्द्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने ही भोजन ग्रहण किया। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचा था। इस दिन चन्द्रमा कि किरणों से अमृत वर्षा होती है। इसी कारण इस दिन खीर बनाकर रात भर चांदनी में रखकर अगले दिन प्रात:काल में खाने का विधि-विधान है।
नपं उपाध्यक्ष ने पूजा कर खुशहाली की मन्नत मांगी
जासं, सरायकेला : नगर पंचायत उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी ने सरायकेला हाटटोला स्थित श्रीलक्ष्मी मंदिर में माता की पूजा अर्चना की। उन्होंने मां लक्ष्मी से सुख-समृद्धि व क्षेत्रवासियों को सुख शांति और वैभव प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को शरद पूर्णिमा व लक्ष्मी पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी। मौके पर किशन कुमार, भरत कामिला, लखन कामिला मंदिर के पुजारी मकरध्वज समेत व अन्य उपस्थित थे।