खरसावां में भाजपा के सभा स्थल के पास गिरा ठनका, मंत्री अर्जुन मुंडा समेत कई बड़े नेता थे मौजूद Saraikela News
खरसावां में भाजपा के सभा स्थल के समीप ठनका गिर गया। उस वक्त मंत्री अर्जुन मुंडा समेत भाजपा के दो सांसद और प्रदेश अध्यक्ष मंच पर मौजूद थे।
सरायकेला, जासं। मौसम की बेरूखी की वजह से शनिवार को भाजपा की जोहार जन आशीर्वाद यात्रा में मुख्यमंत्री की भागीदारी नहीं हो पाई और अंत समय में कार्यक्रम टालना पड़ा। लेकिन लोगों की मौजूदगी के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में सभा करने का फैसला लिया गया। हालांकि, यहां अनहोनी होते-होते बच गई।
दरअसल, चांदनी चौक पर सभा स्थल के पास ठनका गिर गया। जिस वक्त ठनका गिरा उस वक्त आदिवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी मीरा मुंडा, रांची के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सदस्य समीर उरांव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि, किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। सभा समाप्त हो गई थी और भारी बारिश के कारण सभी नेता बैठे थे। तभी बिजली कड़कने के साथ कार्यक्रम स्थल के पास एक मोबाइल टावर पर ठनका गिर गया। इसी दौरान ही भाजपा के मंच पर लगे दो पंखे भी जल गए। पंखा से शॉट सर्किट होने के साथ धुंआ भी निकला। लाउड़स्पीकर के एंप्लीफायर के पास भी जोर से शॉट सर्किट हुई।