समानांतर कमेटी चलाने वालों को दिखाया जाएगा बाहर का रास्ता : जेबी तुबिद
जिला भाजपा कमेटी का विस्तार होने के बाद पूर्व विधायक साधु चरण महतो ने समर्पित कार्यकर्ताओं को उपेक्षित किए जाने के बाद समानांतर कमेटी बनाने की घोषणा की थी। पूर्व विधायक के इस बयान पर संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि जो लोग समानांतर कमेटी गठित करने की सोच रहे हैं उन्हें पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : जिला भाजपा कमेटी का विस्तार होने के बाद पूर्व विधायक साधु चरण महतो ने समर्पित कार्यकर्ताओं को उपेक्षित किए जाने के बाद समानांतर कमेटी बनाने की घोषणा की थी। पूर्व विधायक के इस बयान पर संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि जो लोग समानांतर कमेटी गठित करने की सोच रहे हैं, उन्हें पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा जिला कमेटी के समानांतर कमेटी बनाने वाले व विरोध करने वाले दूसरी पार्टी में जा सकते हैं। वैसे लोगों के लिए पार्टी व संगठन में कोई जगह नहीं है। रविवार को ये बातें भाजपा के वरीय पदाधिकारी व सरायकेला जिला संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कही। वे रविवार को सरायकेला जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित नए जिला कमेटी के पदाधिकारियों के सम्मान समारोह में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कुछ समर्पित कार्यकर्ता व पदाधिकारी जो नाराज चल रहे हैं, उनकी नाराजगी दूर कर दी गई है। सभी एक बार फिर संगठन हित में खड़े हैं। प्रदेश से लेकर जिलास्तर तक नई कमेटी से पार्टी की काफी उम्मीदें हैं। समर्पित पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के बदौलत ही आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनाव में भाजपा का झंडा लहराएगा। संगठन की रीढ़ हैं समर्पित कार्यकर्ता
भाजपा जिला संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं, जो पार्टी को बुलंदी तक पहुंचाते हैं। जिला कमेटी में सीमित पद होते हैं। ऐसे में सभी कर्मठ व जुझारू कार्यकर्ताओं को पद नहीं दिया जा सकता। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। पार्टी में 11 करोड़ कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है। ऐसे में कुछ कार्यकर्ता जरूर नाराज होते हैं, लेकिन वे हमेशा संगठन हित में ही खड़े रहते हैं। जिला भाजपा कमेटी में उत्पन्न विवाद को सुलझा लिया गया है। जिला भाजपा कमेटी के विस्तार के बाद कर्मठ व जुझारू कार्यकर्ताओं में जो असंतोष व्याप्त था, उसे दूर कर दिया गया है। सभी कार्यकर्ता एकमत होकर संगठन हित में कार्य करेंगे। चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने वालों पर आलाकमान की नजर
विधानसभा चुनाव में हार का सामना किए जाने के बाद पूर्व जिला अध्यक्ष द्वारा चिन्हित कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर उन्हें पार्टी से निष्कासित किए जाने के मुद्दे पर संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि यह मामला पार्टी आलाकमान के नजर में है। इस पर हाईकमान का जो आदेश होगा, उसके तहत अनुशंसात्मक कार्रवाई की जाएगी।