हड़ताल पर रहे वित्त रहित विद्यालयों के शिक्षक
जागरण संवाददाता, सरायकेला : झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर
जागरण संवाददाता, सरायकेला : झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर जिले के 12 स्थापना अनुमति प्राप्त उच्च विद्यालयों के शिक्षक बुधवार को हड़ताल पर रहे। शिक्षकों के हड़ताल पर रहने से विद्यालयों में ताले लटके रहे। बच्चों को वापस घर लौटना पड़ा। विद्यालयों को मिलने वाली अनुदान वितरण में गड़बड़ी को लेकर शिक्षक हड़ताल पर रहे।
शिक्षकों ने बताया कि पूर्व में विद्यालयों के परीक्षा परिणाम 40 फीसद होने पर भी शत प्रतिशत अनुदान दिया जाता था लेकिन अब विद्यालयों के 40 फीसद विद्यार्थी पास होने की स्थिति में भी अनुदान का 40 फीसद राशि ही संबंधित विद्यालयों को दिया जा रहा है। स्थापना अनुमति प्राप्त विद्यालयों के अनुदान में कटौती की जा रही है। इस कारण शिक्षकों को हड़ताल का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। हड़ताल से पठन पाठन व कार्यालय कार्य पूर्ण रूप से बाधित हो गया। हड़ताल से लगभग तीन हजार बच्चों के पठन-पाठन प्रभावित हुए। बुधवार को प्रस्तावित ग्राम विकास उच्च विद्यालय टेंटोपोशी, गायत्री शिक्षा निकेतन आदित्यपुर, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सरायकेला, प्रस्तावित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, प्रस्तावित शहीद अजीत धनंजय महतो, प्रस्तावित बिरसा उच्च विद्यालय शंकराडीह, प्रस्तावित शास्त्री स्मारक उच्च विद्यालय जयकान, प्रस्तावित उच्च विद्यालय धातकीडीह, प्रस्तावित उच्च विद्यालय आमदा, प्रस्तावित हॉली क्रॉस उच्च विद्यालय बेड़ेदा व प्रस्तावित देव आश्रम उच्च विद्यालय भीमखंदा में ताला लटका रहा।