पति के वियोग में पत्नी ट्रेन से कटकर दी जान
पति की मौत के वियोग में पत्नी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी।
संवाद सूत्र, बड़ाबांबो : पति की मौत के वियोग में पत्नी ने ट्रेन से कटकर सोमवार सुबह अपनी जान दे दी। इस तरह पत्नी ने जीने मरने की कसम भी पूरी कर दी। घटना बड़ाबांबो व राजखरसावां के बीच स्थित उधुड़िया गांव की है।
सोमवार सुबह पौने सात बजे हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग डाउन मेन लाइन पर बड़ाबांबो और राजखरसावां के बीच उधुड़िया गांव के पास पोल संख्या 298/6 व 298/7 के बीच उधुड़िया की मनीषा मेलगांडी ने ट्रेन से कटकर खुदकशी कर ली। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना आमदा ओपी को दी। आमदा ओपी के देव कुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर घटनास्थल की जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को युवती का चप्पल एवं शादी से पहले ली गई पति-पत्नी की फोटो मिली। तीन नवंबर को मनीषा के पति तुरी बानरा का शव रेलवे लाइन पर मिला था। लोगों ने बताया कि मनीषा मेलगांडी ससुराल में ही रह रही थी। तुरी बानरा व मनीषा के बीच कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने शादी भी कर ली थी। परंतु मनीषा के घर वाले को लड़का पसंद नहीं था। इसी कारण तुरी बानरा तनाव में रहता था, जबकि लड़का-लड़की में बेहद प्यार था। इसी वजह से लड़की ससुराल में ही रहने लगी थी। मृतक मनीषा के ससुर गोरा बानरा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अच्छा संबंध था। दोनों एक दूसरे को बहुत प्यार करते थे। दोनों पल भर के लिए भी अलग नहीं होते थे। सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे शौच के बहाने घर से निकली और रेलवे लाइन पर जाकर पुरी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने उनकी उपस्थिति में शव को अपने कब्जे में लिया तथा अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दिया।