प्लास्टिक पर प्रतिबंध को आज से छापेमारी
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत में प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत में प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बावजूद नगर पंचायत में धड़ल्ले से प्लास्टिक का उपयोग किया जा रहा है। प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को लेकर सरायकेला नगर पंचायत द्वारा बुधवार से विशेष छापेमारी अभियान चलाएगी, जिसके लिए तीन टीम बनाई गई है। टीम सरायकेला मुख्य बाजार समेत अन्य वार्ड क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाई जाएगी। उक्त जानकारी देते हुए नगर पंचायत के सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश ने बताया कि बुधवार से प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के लिए छापेमारी टीम का गठन किया गया है, जो दुकान व बाजार क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के उपयोग करते पाए जाने पर बड़े दुकानदारों से पांच हजार रुपये व छोटे दुकानदार या ठेला गुमटी वालों से पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावे किसी ग्राहक प्लास्टिक में समान लेते रंगेहाथ पकड़े जाने पर ग्राहक से एक सौ रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। प्रकाश ने बताया कि नगर पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पिछले तीन माह से जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश ने नगरवासियों से नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक का उपयोग जनमानस के लिए खतरनाक है। प्लास्टिक के कप में चाय पीने से कैंसर तक की बीमारी हो सकती है। इसके अलावे प्लास्टिक से जमीन की उर्वरा शक्ति घट जाती है।