विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला में चोरी के 2 मामलों का खुलासा: गुलुगुलिया बस्ती से 5 लाख के गहने बरामद, एक ही परिवार के 4 लोग गिरफ्तार

Published: Thu, 20 Aug 2026 08:39 PM (IST)

सरायकेला पुलिस ने आमदा और खरसावां में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने गुलुगुलिया ...और पढ़ें

सरायकेला थाना परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी।

सरायकेला थाना परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी।

HighLights

  1. सरायकेला पुलिस ने दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा किया।

  2. पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

  3. एक ही परिवार के चार सदस्य चोरी के आरोप में गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, सरायकेला। आमदा ओपी और खरसावां थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी वारदातों का सरायकेला पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 
 
पुलिस ने छापेमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 
 
सरायकेला थाना परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने इस सफलता की विस्तृत जानकारी दी।
 

गुप्त सूचना पर गुलुगुलिया बस्ती में छापेमारी 

सर्कल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि 19 अगस्त को आमदा ओपी क्षेत्र और 5 अगस्त को खरसावां थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हुई थीं। 
 
जांच के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी के कीमती जेवरात आमदा स्थित गुलुगुलिया बस्ती निवासी ललन मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं। 
 
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही घर के लोग भागने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने मुख्य आरोपी ललन मोदी को पकड़ लिया।
 

अलमारी के नीचे छिपाई गई थी गहनों की पोटली 

घर की गहन तलाशी के दौरान अलमारी के नीचे जमीन पर रखी प्लास्टिक की एक पोटली बरामद हुई। इसे खोलने पर उसमें से सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण बरामद हुए। 
 
बरामद सामान के संबंध में जब परिजनों से दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। पकड़े गए आरोपियों में ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी, अनु मोदी, रूपा मोदी और कुंती मोदी शामिल हैं। 
 
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि हाल ही में राजबांध में हुई चोरी में भी इस गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।
 

27 तरह के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जब्त 

पुलिस ने मौके से 27 प्रकार के सामान जब्त किए हैं। इनमें सोने के लॉकेट, झुमके, नथनी, ताबीज के अलावा चांदी की पायल, चेन, अंगूठी, बिछिया, मांगटीका, कड़ा, दुल्हन का पंजा और चांदी के बिस्कुट शामिल हैं। 

आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास 

इसके अतिरिक्त एक एमआई (Mi) का स्मार्टफोन और टाइटन की कलाई घड़ी भी बरामद की गई है। मुख्य आरोपी ललन मोदी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। 
 
इसके खिलाफ मानगो थाने में दो और चक्रधरपुर थाने में एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। इस सफल छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक योगेश रजक, सहायक अवर निरीक्षक रोपना राम कांशी और आरक्षी राजेंद्र नाथ किस्कू मुख्य रूप से शामिल थे।