आरआईटी थाना पुलिस का खुलासा: सिर पर हथौड़ा मारकर की थी अमित की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका था शव
पुलिस ने सरायकेला में 25 जुलाई को हुई अमित सरदार की हत्या का खुलासा करते हुए चार दोस्तों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी।
HighLights
अमित सरदार की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा।
चार दोस्तों ने आपसी रंजिश में की थी हत्या।
शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर साक्ष्य छिपाया।
जागरण संवाददाता, सरायकेला । सरायकेला के आरआईटी थाना क्षेत्र में बीते 25 जुलाई को हुई अमित सरदार की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मृतक के ही दोस्त हैं।
मामले का खुलासा करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश के कारण दोस्तों ने ही मिलकर अमित सरदार के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद अपराध को दुर्घटना का रूप देने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (निवासी: कृष्णापुर टोला राहरगोड़ा इण्डस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर 2)
- सोमा मुण्डा उर्फ बुका मुण्डा (निवासी: कृष्णापुर टोला राहरगोड़ा इण्डस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर 2)
- स्वरुप सोरेन उर्फ कतुरु (निवासी: सतवहनी धीरजगंज)
- मिलन सिंह (निवासी: सतवहनी धीरजगंज)
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा मृतक के शर्ट में लपेटा हुआ पत्थर बरामद किया है।
मां के आवेदन पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
कृष्णापुर निवासी बैहुल्या देवी (मृतक की मां) द्वारा आरआईटी थाने में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया गया था।
त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, विमलेश कुमार महतो और संजीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली।
