पुलिस रिमांड में टूटे गिरफ्तार माओवादी: सिकरम्बा व दलमा के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार बरामद
सरायकेला में गिरफ्तार माओवादियों ने पुलिस रिमांड पर पूछताछ में सिकरम्बा और दलमा के जंगलों में छिपाए हथियारों के ठिकानों का खुलासा किया।

रिमांड पर लिए गए तीन शीर्ष माओवादियों की निशानदेही पर जंगलों से हथियारों का जखीरा जब्त।
HighLights
सरायकेला में गिरफ्तार माओवादियों ने खोले हथियारों के राज।
सिकरम्बा और दलमा के जंगलों से भारी मात्रा में बरामदगी।
राइफल, पिस्टल, कारतूस और आईईडी सहित विस्फोटक मिले।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। कोल्हान क्षेत्र में भाकपा माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
सरायकेला जिले से गिरफ्तार किए गए तीन खूंखार माओवादी पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में टूट गए। उनकी निशानदेही पर झारखंड पुलिस, 209 कोबरा (खूंटी) और 26वीं वाहिनी एसएसबी (रांची) के संयुक्त छापेमारी दल ने कुचाई थाना अंतर्गत सिकरम्बा जंगल तथा आसनबनी स्थित दलमा जंगल से हथियारों, गोलियों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
रिमांड के दौरान माओवादियों ने उगले राज
पुलिस द्वारा रिमांड पर लिए गए माओवादियों में नीमडीह निवासी सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम निवासी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो तथा पुरुलिया निवासी सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में तीनों माओवादियों ने जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों के गुप्त ठिकानों के राज खोल दिए।
बरामद हथियारों एवं कारतूसों की सूची:
- राइफल एवं पिस्टल: 303 राइफल (2 पीस), 5.56 एमएम इंसास राइफल (1 पीस), 7.62 एमएम एसएलआर राइफल (1 पीस), 9 एमएम देसी पिस्टल (2 पीस)।
- मैगजीन व चार्जर: 303 राइफल मैगजीन (3 पीस) व चार्जर (8 पीस), एसएलआर मैगजीन (3 पीस), इंसास मैगजीन (4 पीस), 9 एमएम पिस्टल मैगजीन (2 पीस)।
- जिंदा कारतूस: 7.62 एमएम कारतूस (171 पीस), 5.56 एमएम कारतूस (126 पीस), 9 एमएम कारतूस (12 पीस)।
- विस्फोटक: 1 आईईडी (IED) और 2 डिटोनेटर।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, डीएसपी अनुभव भारद्वाज, एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने किया। सारंडा, कुचाई व दलमा के जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
