विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरायकेला क्राइम न्यूज: कालूराम चौक पर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान

Published: Tue, 01 Sep 2026 08:24 PM (IST)

सरायकेला पुलिस ने कालूराम चौक पर रब्बू अग्रवाल की दुकान में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी साजिद खान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने लहरी टोला निवासी आरोपी साजिद खान को सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने लहरी टोला निवासी आरोपी साजिद खान को सामान के साथ गिरफ्तार किया है।

HighLights

  1. सरायकेला पुलिस ने 24 घंटे में चोरी का खुलासा किया।

  2. चोरी में इस्तेमाल औजार और नकदी भी जब्त की गई।

जागरण संवाददाता, सरायकेला। सरायकेला थाना पुलिस ने कालूराम चौक स्थित रब्बू अग्रवाल की गल्ले की दुकान में हुई सेंधमारी का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। 
 
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लहरी टोला निवासी आरोपी साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार कर लिया है।
 
उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 18,600 रुपये नगद, सिगरेट के पैकेट, तेल और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं।
 

जख्म के निशान ने खोला राज 

थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शनिवार रात आरोपी ने रब्बू अग्रवाल की दुकान की पिछली दीवार में छोटा सा सुराख (होल) कर अंदर प्रवेश किया था। 
 
इस दौरान दीवार से रगड़ खाने के कारण उसके शरीर पर जख्म के निशान बन गए थे, जो जांच में अहम सुराग साबित हुए।
 
आरोपी ने रब्बू अग्रवाल की दुकान के अलावा पास के एक आटा चक्की में भी सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
 

किराये के मकान और पैतृक घर से बरामदगी 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लहरी टोला में छापामारी की। साजिद के पैतृक आवास से सिगरेट के 157 पैकेट और 7 बोतल तेल मिला। 
 
वहीं राजाबाड़ी स्थित उसके किराये के मकान से 18,600 रुपये नगद, 736 रुपये के सिक्के, चांदी जैसे दिखने वाले 8 सिक्के और घटना में प्रयुक्त औजार जब्त किए गए।
 

पूर्व में भी दर्ज है आपराधिक मामला 

पुलिस के अनुसार आरोपी साजिद खान के खिलाफ सरायकेला थाना में पूर्व से भी आपराधिक मामला दर्ज है। इस छापामारी अभियान में थाना प्रभारी विनय कुमार के साथ एसआई सौरभ कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, ऋषि कुमार शामिल थे।