आदिवासियों को मिलेगा संवैधानिक अधिकार: मुंडा
संवाद सूत्र खरसावां खरसावां के चांदनी चौक पर भाजपा की ओर से जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन ि
संवाद सूत्र, खरसावां : खरसावां के चांदनी चौक पर भाजपा की ओर से जन आशीर्वाद यात्रा का आयोजन किया गया। मूसलाधार बारिश के कारण मुख्यमंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
भारी बारिश के बीच केंद्रीय आदिवासी मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आदिवासियों को उनका संवैधानिक अधिकार मिले यह भी सुनिश्चित करना है। जल, जंगल व जमीन के मुद्दे पर लोगों में भ्रम फैलाकर राजनीति करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। कुछ लोग जनता को बरगला कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रहे है। जल, जंगल व जमीन सुरक्षा की गांरटी हमारी है। वन अधिकार अधिनियम को बेहतर व प्रभावी ढंग से लागू करना है। केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम कर रही है। कहा कि विस चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं। बहुमत के साथ सरकार बनाना है। मुंडा ने कहा कि कुछ लोग निजी हित में काम कर स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं। समस्याओं को सही स्थान पर नहीं उठाने की जगह अपना हित साधने में लगे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
सुखाड़ पर मुख्यमंत्री से करेंगे बात
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि खरसावां में सही समय पर बारिश नहीं होने के कारण ठीक से खेती नहीं हो सकी है। इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। क्षेत्र को सुखाड़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित कर किसानों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।
कोल्हान के सभी सीटों को जीतना लक्ष्य : गिलुवा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि साल 2000 में कोल्हान के 14 में से दस विस में भाजपा को जीत मिली थी। विस चुनाव में कोल्हान के सभी 14 विस क्षेत्रों में जीत दर्ज करना है। एक बार डबल इंजन की सरकार बनाने में अपना समर्थन देने की अपील की। कार्यक्रम को राज्य सभा सांसद सह बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव, रांची के सांसद संजय सेठ, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, मंगल सोय, लखीराम मुंडा, प्रदीप सिंहदेव आदि ने भी संबोधित किया।