राजनगर में कार व ट्रेलर में सीधी भिड़ंत कदमा निवासी सुरेंद्र शर्मा की हालत गंभीर
हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर लकड़ाकोचा मोड़ के पास कार और ट्रेलर के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इसमें कार चालक की हालत गंभीर हो गई।
संवाद सूत्र, राजनगर : हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर लकड़ाकोचा मोड़ के पास कार और ट्रेलर के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार चालक सुनील शर्मा (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दिन के लगभग 11.30 बजे की है। घायल को 108 एम्बुलेंस की मदद से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉ. मालती हांसदा की देखरेख में प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए एमजीएम रेफर कर दिया गया।
घायल सुनील शर्मा के नाक व मुंह से लगातार खून निकल रहा था। उनकी स्थिति नाजुक बनी है। सुनील शर्मा जमशेदपुर के कदमा फार्म एरिया के रहने वाले हैं। घटना के बाद उनके परिजनों को सूचित किया गया। कार में सुनील शर्मा अकेले सवार थे। सुनील शर्मा चाईबासा की ओर से अपनी कार (जेएच 05 ए एक्स 5420) से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी क्रम में राजनगर के खैरबनी और रिलायंस पेट्रोल पंप के बीच स्थित लकड़ाकोचा मोड़ पर चाईबासा की ओर जा रहे ट्रेलर (ओडी 29 जी 3057) से भिड़ंत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। घुमावदार मोड़ पर कार चालक का नियंत्रण खो गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गया। ट्रेलर चालक कार को बचाने के चक्कर में सड़क से दस फीट नीचे अनियंत्रित होकर उतर गया। घटना में ट्रेलर चालक बाल बाल बच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।