चेकडैम में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा युवक, लापता, एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
राजनगर के चेकडैम में नहाते समय 28 वर्षीय युवक प्रद्युम्न प्रधान तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। एनडीआरएफ की ...और पढ़ें

गुर्रा नदी में तेज बहाव की चपेट में आने से युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते पानी की धार में ओझल हो गया।
संवाद सूत्र, राजनगर। राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांजड़ और छोटाकांकी गांव के बीच स्थित चेकडैम में मंगलवार को नहाने के दौरान 28 वर्षीय युवक प्रद्युम्न प्रधान पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया।
लापता युवक रांजड़ गांव निवासी कपूर प्रधान का पुत्र है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्कूली बच्चों को छोड़कर नहाने गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रद्युम्न प्रधान मंगलवार को स्कूली बच्चों को अपनी गाड़ी से छोड़कर वापस लौटा था। इसके बाद वह रोजाना की तरह अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ चेकडैम पर नहाने गया।
इनमें से प्रद्युम्न और उसके दो साथी पानी में उतरे, जबकि तीन अन्य दोस्त ऊपर ही खड़े थे। इसी दौरान अचानक चेकडैम में पानी का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया।
दो साथी तैरकर बाहर निकले, प्रद्युम्न बहा
पानी के अचानक बढ़े तेज बहाव की चपेट में आने से प्रद्युम्न का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते पानी की धार में ओझल हो गया।
वहीं, उसके साथ उतरे दो अन्य युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और सुरक्षित बाहर निकल आए।
एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और नदी व आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी श्रवण कुमार झा स्थानीय गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
काफी मशक्कत के बाद भी जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला, तो प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को बुलाया गया।
देर शाम तक एनडीआरएफ की टीम चेकडैम और उससे जुड़े नदी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही थी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लापता प्रद्युम्न का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
