हाता-चाईबासा मार्ग पर बड़ा हादसा: हाट से लौट रहे 4 दोस्तों की बाइक ट्रेलर से टकराई, एक की मौत; 3 अस्पताल में भर्ती
राजनगर के हाता-चाईबासा मार्ग पर बागराईसाई मोड़ के पास बाइक और ट्रेलर की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
हाता-चाईबासा मार्ग पर बाइक-ट्रेलर की भीषण टक्कर।
आकाश पात्रो की मौके पर मौत, तीन घायल।
पुलिस ने हेलमेट और यातायात नियमों के पालन की अपील की।
संवाद सूत्र, राजनगर। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागराईसाई के तीखे मोड़ के पास बुधवार शाम करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
अनियंत्रित बाइक और सामने से आ रहे ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित तेंतला पंचायत के चरडीहा गांव निवासी आकाश पात्रो (25) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में टीकाराम सरदार (40), भोला सरदार (19) और हीरा गोप (36) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों युवक बुधवार को राजनगर स्थित साप्ताहिक हाट-बाजार आए थे। शाम को सभी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
बाइक आकाश पात्रो चला रहा था। जैसे ही वे बागराईसाई के तीखे मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सड़क पर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और स्थानीय युवा समाजसेवी अजय गोप मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत एंबुलेंस, पीसीआर वाहन व ऑटो से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है। राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे।
किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर बड़े वाहन से जा टकराई।
पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं, अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।
