बुरुडीह रेल फाटक पर 44 करोड़ से बनेगा ओवरब्रिज
माहलीमुरुप व राजखरसावां रेलवे स्टेशन के बीच बुरुडीह रेल फाटक पर 40 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज बनेगा।
संवाद सूत्र, खरसावां : चक्रधरपुर रेल मंडल के माहलीमुरुप व राजखरसावां रेलवे स्टेशन के बीच बुरुडीह रेल फाटक पर ओवरब्रिज बनेगा। राज्य पथ निर्माण विभाग व रेलवे संयुक्त रूप से इस ओवरब्रिज का निर्माण करा रही है। पूरे योजना पर करीब 44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावे भूमि अधिग्रहण पर अलग से खर्च होगा।
ओवरब्रिज निर्माण के लिए सीमांकन का काम शुरू हो गया है। अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण का ठेका कोलकाता की श्याम श्री त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अगले दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसकी लंबाई करीब 700 मीटर व चौड़ाई 34 मीटर होगी। ओवरब्रिज निर्माण में भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें श्री सीमेंट का करीब 1.8 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा। इसके अलावे निजी रैयती जमीन का भी अधिग्रहण होगा।
लंबे समय से हो रही थी ओवरब्रिज निर्माण की मांग
सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर बुरुडीह रेल फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग लंबे समय से हो रही थी। कई बार स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों की ओर से रेलवे अधिकारियों को ओवरब्रिज निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा गया था। अब लोगों की यह वर्षो पुरानी मांग पूरी होने वाली है।
राहगीरों को जाम से मिलेगी मुक्ति
बुरुडीह रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों में खुशी देखी जा रही है। यहां ओवरब्रिज बन जाने से सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर चलने वाले राहगीरों को आवागमन में सुविधा होगी। हावड़ा -मुंबई मेन लाइन होने के कारण रेलवे का यह रूट काफी व्यस्त रहता है। ट्रेनों का आवागमन अधिक होने के कारण अक्सर यह फाटक बंद रहती है। रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से इस समस्या का समाधान हो जाएगा। लोगों को आवागमन में समय की भी बचत होगी। बुरुडीह रेलवे फाटक के पास ही श्री सीमेंट का प्लांट भी तैयार हो रहा है। इस प्लांट के बन जाने के बाद सरायकेला-खरसावां-मार्ग पर ट्रकों का परिचालन भी बढ़ेगा।