चक्रधरपुर में ट्रेन का ठहराव बंद कर कोल्हान के साथ सौतेला व्यवहार कर रही राज्य सरकार : उदय
राज्य की हेमंत सोरेन सरकार कोल्हान के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
संवाद सूत्र, खरसावां : राज्य की हेमंत सोरेन सरकार कोल्हान के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यह बातें भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने कही उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों को अपने राज्य लाने की बात करती है, परंतु दूसरे राज्य से जो लोग अपने खर्चे पर घर आना चाहते हैं उन्हें राज्य सरकार घर नहीं आने देना चाहती हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सिंहदेव ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार दूसरे राज्य में फंसे लोगों को घर तक पहुंचाने के लिए ट्रेनों का परिचालन करा रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार ने भारत सरकार को पत्र लिखकर चक्रधरपुर स्टेशन में यात्री ट्रेन ठहराव बंद करा दिया। सिंहदेव ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को कहा है कि हमारे पास उन यात्रियों की जांच की उचित व्यवस्था नहीं है। ट्रेन का ठहराव चक्रधरपुर स्टेशन पर रूकवा कर राज्य सरकार ने कोल्हान के साथ सौतेला व्यवहार किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार से मांग करते हैं कि जो लोग अपने खर्चे पर घर ट्रेन से आना चाहते हैं, उनको भी आने दें। सरकार प्रवासी मजदूरों को लाने के साथ-साथ उनके रहने के लिए क्वारंटाइन सेंटर और भोजन की भी व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना जांच की गति काफी धीमी है। इसमें तेजी लाने की आवश्यकता है।